ऊंछपुर में राजस्व विभाग की कार्रवाई : वर्षों पुराने प्राचीन रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू

बानसूर ।स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के ग्राम ऊँछपुर में राजस्व विभाग की टीम ने वर्षों पुराने प्राचीन रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करवाने की कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव बसने के समय से मौजूद यह रास्ता सीधे बानसूर कस्बे को जोड़ता है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से अतिक्रमण के कारण बंद पड़ा था। रास्ता खुलने से ग्रामीणों को बानसूर आने-जाने के लिए सीधा और सुगम मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। इससे दैनिक आवागमन के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं एवं अन्य आवश्यक कार्यों में भी सुविधा मिलेगी। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार गजेंद्र सिंह राठौड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। तहसीलदार ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग की टीम ने रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी हैं। इससे आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी। इस दौरान हल्का पटवारी मीना चौधरी सहित राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही। प्रशासन की कार्रवाई पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल हैं।