बालिकाओं के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर जिलेभर में निकली जागरूकता रैलियां

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश, बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का दिलाया संकल्प

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिलेभर में जागरूकता रैलियां निकाली गईं। रैलियों के माध्यम से बालिका शिक्षा, सुरक्षा, अधिकारों एवं सशक्तीकरण का संदेश देते हुए आमजन को बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक किया गया।महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक जगदीश चौधरी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया।

बाल विवाह रोकने के लिए किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए आमजन को जागरूक किया गया। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाकर बालिकाओं को सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।

विभाग की ओर से समाज के सभी वर्गों से बालिकाओं के प्रति भेदभाव समाप्त करने, उनकी शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को सशक्त बनाने और उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।