पांच माह से फरार चल रहे आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया गिरफ्त में, कई जिलों में चोरी व नकबजनी के मामले हो रखें है दर्ज
अमर चन्द बैरवा
दौसा|स्मार्ट हलचल|लवाण थाना पुलिस ने मकान की खिड़की तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब पांच माह से प्रकरण में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें 9 अक्टूबर को प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के कई प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है।
*खिड़की तोड़कर घर में घुसे थे चोर*
पुलिस के अनुसार, 15 मई 2026 को भूड़ला भूतपुरिया निवासी रामकिशन मीना एवं कृष्ण मीना ने लवाण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 15 मई की रात अज्ञात चोरों ने मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। परिवाद के आधार पर पुलिस ने मुकदमा नंबर 51/2026 धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
*विशेष टीम गठित कर आरोपियों को पकड़ा*
जिला पुलिस अधीक्षक कुन्दन कंवरिया आईपीएस एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद कुमार सीपा आरपीएस के निर्देशानुसार तथा वृत्ताधिकारी नांगल राजावतान शीशराम मीना आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने प्रकरण में आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद 9 अक्टूबर को प्रोडक्शन वारंट के जरिए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपियों से वारदात के संबंध में पूछताछ कर रही है।
*गिरफ्तार आरोपियों का विवरण*
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मोहनलाल उर्फ मुन्ना मोगिया (23) निवासी बड़ाखेड़ा, थाना लाखेरी, जिला बूंदी; धनराज मोगिया निवासी चिरोंज, थाना बरौनी, जिला टोंक; रिंकू बावरिया उर्फ रिंकू मोगिया (20) निवासी माखिदा, थाना देईखेड़ा, जिला बूंदी; तथा राजू मोगिया (30) निवासी अगरा मदनपुर, थाना बरगमा, जिला श्योपुर, मध्यप्रदेश शामिल हैं।
*कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले*
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में सवाई माधोपुर जिले के खंडार, रवाजना डूंगर, कोतवाली, मित्रपुरा, चौथ का बरवाड़ा और सूरवाल थानों सहित जयपुर पूर्व जिले के तूंगा थाना क्षेत्र में चोरी व नकबजनी के कई प्रकरण सामने आए हैं। कुछ मामलों में चालान पेश किया जा चुका है, जबकि अन्य प्रकरणों में अनुसंधान जारी है।
*पुलिस टीम की रही अहम भूमिका*
कार्रवाई में लवाण थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल, कांस्टेबल बृजमोहन, मानसिंह एवं रामेश्वर शामिल रहे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदातों और अन्य संभावित मामलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।