आरएलपी ने 12 तो आप ने 11 प्रत्याशियों को उतारा मैदान में,
भाजपा-कांग्रेस के चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है असर
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर की सियासत लगातार गरमाती जा रही है। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बाद अब राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और आम आदमी पार्टी (आप) ने भी अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार दिए हैं। दोनों दलों की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा के बाद कई वार्डों में मुकाबला रोचक और बहुकोणीय हो गया है।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष शौकीन काठात ने विज्ञप्ति जारी कर नगर परिषद चुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के जिला संयोजक शहजाद खॉन ने पार्टी की ओर से 12 प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है।
भाजपा और कांग्रेस के साथ आरएलपी व आप के प्रत्याशियों के मैदान में आने से संबंधित वार्डों में चुनावी समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है। अब प्रत्याशियों के सामने मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने के साथ ही स्थानीय मुद्दों को लेकर जनसमर्थन जुटाने की चुनौती होगी।
राजनीतिक जानकारों की नजर अब उन वार्डों पर है, जहां आरएलपी और आप के प्रत्याशी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं। इन दलों के प्रत्याशियों को मिलने वाले मत कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच जीत-हार के अंतर को प्रभावित कर सकते हैं।
नामांकन प्रक्रिया के बाद अब चुनावी मैदान में तस्वीर तेजी से साफ हो रही है। आने वाले दिनों में जनसंपर्क और प्रचार अभियान के साथ वार्डवार मुकाबला और तेज होने की उम्मीद है। ब्यावर नगर परिषद चुनाव में आरएलपी और आप की एंट्री ने राजनीतिक मुकाबले को नया मोड़ दे दिया है।
