दीपक राठौर
बिजौलियाँ| स्मार्ट हलचल।इंद्रपुरा स्थित श्री तिलस्वा नाथ गौशाला परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का मंगलवार को हवन-पूजन और पूर्णाहुति के साथ विधिवत समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नकारात्मकता से दूर रहने का आह्वान
समापन अवसर पर कथावाचक गुरुदेव हरिओम बनेट ने उपस्थित जनसमूह को जीवन की सार्थकता और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में किसी की बुराई नहीं करनी चाहिए, किसी की बुराई नहीं सुननी चाहिए और किसी के प्रति बुरा नहीं सोचना चाहिए।
गुरुदेव ने कहा कि शुद्ध विचार, वाणी और श्रवण ही व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। जब हम दूसरों की कमियां देखने और बुराई करने के बजाय अपने भीतर झांकते हैं, तब समाज और परिवार में सद्भाव तथा शांति का वातावरण बनता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि कथा के दौरान सुनी गई शिक्षाओं को केवल श्रवण तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने दैनिक आचरण में उतारें।
गौसेवा और धार्मिक आस्था का संगम
श्री तिलस्वा नाथ गौशाला में हुए इस सात दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन भागवत कथा के प्रसंगों का रसपान कराया गया। कथा के समापन पर पूर्णाहुति में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और गौमाता की सेवा के निरंतर विस्तार की कामना की। आयोजन के दौरान गौशाला समिति के पदाधिकारियों, ग्रामवासियों और भक्तों ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।
इस दौरान गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने के लिए भागवत कथा के दौरान हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। गौशाला अध्यक्ष सुगन लाल धाकड़ ने बताया कि “अभी नहीं तो कभी नहीं” के संकल्प के साथ आगामी 17 दिसंबर को ‘गो सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा। इस दिन देश के सभी 36 राज्यों में एक साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।