सूरौठ।स्मार्ट हलचल|जटवाड़ा ग्राम पंचायत के गांव नांगल से चिनायटा को जाने वाले मार्ग में अतिक्रमण एवं जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों से रास्ते से अतिक्रमण को हटवा कर मार्ग में सड़क का निर्माण करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि नांगल से चिनायटा गांव को जाने वाले मार्ग में कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर आवागमन अवरूद्ध कर रखा है। इसी तरह रास्ते में लंबे समय से गंदे पानी एवं कीचड़ का जमाव हो रहा है। अतिक्रमण एवं जल भराव की समस्या के चलते जहां आम जन को परेशानी हो रही है वहीं चिनायटा स्थित चामुंडा माता मंदिर में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह रास्ता नासूर बना हुआ है। अतिक्रमण एवं जलभराव होने के कारण राहगीरों को पास के खेतों में होकर गुजरना पड रहा है। इसी तरह गांव नांगल में परमल्ला की ढाणी से स्कूल को जाने वाले रास्ते में भी अतिक्रमण हो रहा है। जिसकी शिकायत भी ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से की है। आम रास्ते से अतिक्रमण नहीं हटने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि रास्तों से अवैध कब्जों को नहीं हटाया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
