रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|शाहपुरा बरियाला गांव में बुधवार को खारवाल-खारोल समाज के सामाजिक मिलन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में समाज के कोटा संभाग अध्यक्ष सत्यनारायण खारवाल एवं अजमेर शहर अध्यक्ष राजेश खारोल ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान मारवाड़-गोडवाड़ अंचल से पधारे समाज के वरिष्ठ पंचों, प्रबुद्धजनों एवं समाजबंधुओं के साथ समाज की एकता, शिक्षा और संगठन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्यनारायण खारवाल ने कहा कि सामाजिक समरसता, अनुशासन और पारस्परिक सहयोग ही किसी भी प्रगतिशील समाज की वास्तविक पहचान हैं। उन्होंने कहा कि जिस समाज में एकता, भाईचारा और संगठन की भावना मजबूत होती है, वही समाज शिक्षा, सामाजिक चेतना और आर्थिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। इसी उद्देश्य से शिक्षा नगरी कोटा में अध्ययन करने वाले समाज के विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त समाज छात्रावास का निर्माण कराना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
अजमेर शहर अध्यक्ष राजेश खारोल ने कहा कि प्रस्तावित समाज छात्रावास केवल एक भवन नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, दूरदर्शिता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा। इससे आने वाली पीढ़ियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर और सुरक्षित आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त एसडीएम हेतराम खारवाल (बरियाला), सरपंच घेवरराम, प्रकाश धारावत (हेमावास), चेनाराम खारवाल (सुमेरपुर), धनजी सोलंकी (अहमदाबाद), जीवनलाल पंवार (जोधपुर), मुकेश खारवाल (लूणकरणसर), प्रकाश पंवार (पिचियाक), सुगनसिंह, देवजी खारवाल (बरियाला), प्रकाश सिसोदिया (चाणौद) सहित मारवाड़ अंचल के अनेक समाज पंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी समाजजनों ने कोटा में समाज छात्रावास निर्माण के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने तथा समाज में शिक्षा, सामाजिक समरसता, अनुशासन और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
