लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रयासों से मिली बड़ी सौगात, ग्रामीणों को मिलेगा ‘मिसिंग लिंक’ सड़कों का लाभ
बी एम राठौर
न्यूज
स्मार्ट हलचल|सांगोद 17 जुलाई को राजस्थान सरकार के बजट 2026-27 के अंतर्गत सांगोद विधानसभा क्षेत्र के विकास को एक नई गति मिलने जा रही है। क्षेत्र के सुदूर ग्रामीण अंचलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सांगोद विधानसभा क्षेत्र में 43 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण व डामरीकरण कार्य कराया जाएगा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और प्रदेश के ऊर्जा मंत्री तथा सांगोद विधायक हीरालाल नागर के विशेष प्रयासों के फलस्वरूप राज्य सरकार की बजट घोषणा में इन कार्यों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इस निर्णय से सांगोद क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में हो रही पुरानी समस्याओं से हमेशा के लिए मुक्ति मिलेगी।
सार्वजनिक निर्माण विभाग वृत्त कोटा द्वारा तैयार किए गए प्रस्तावों के अनुसार, बजट घोषणा के तहत सांगोद विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ‘मिसिंग लिंक’ सड़कों का निर्माण और जीएसबी व डामरीकरण कार्य किया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से न केवल दो गांवों के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि कृषि मंडियों, स्वास्थ्य केंद्रों और शिक्षण संस्थानों तक पहुंच भी बेहद आसान हो जाएगी। इस स्वीकृत बजट के तहत क्षेत्र के विभिन्न गांवों जैसे सुरेला खेड़लीघाटा से सारोला, कराडिया से भाण्डाहेड़ा, दीगोद से हरिपुरा हनुमान जी मंदिर, खजूरना से उरना, टोल्या से केशोली और लसेडिया से डाबरीकला तक नए रोड बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ग्राम मामौर से हनुमान जी मंदिर तथा विनोदखुर्द स्टेट हाईवे से सूण्डक्या तक भी सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
क्षेत्र के कई अंदरूनी रास्तों को पक्का करने के लिए डामरीकरण कार्य को विशेष प्राथमिकता दी गई है। योजना के अंतर्गत मंगलपुरा से बंजारा बस्ती और हींगी से सहीपुर तक डामरीकरण सड़क का निर्माण कार्य प्रमुखता से किया जाएगा। इसके साथ ही, सनखेड़ा से लबानिया चरेल सड़क, खजूरी से बृजलिया, राजगढ़ से गुहावदा, ग्राम बास्याहेडी कांकरिया से सामरिया, ग्राम दांता से मंदारिया, मदारिया से मोहनपुरा (लक्ष्मीपुरा) और गिरधरपुरा से गुन्जारा जैसी महत्वपूर्ण ग्रामीण कड़ियों को जोड़ते हुए जीएसबी एवं डामर सड़कों का जाल बिछाया जाएगा।
क्षेत्रीय विकास और व्यापार को मिलेगी नई गति
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने इस बड़ी सौगात के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ होती हैं। इन सड़कों के बनने से सांगोद क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज मंडियों तक ले जाने में आसानी होगी। जिससे व्यापार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। विभाग के अधिशासी व अधीक्षण अभियंताओं को इन सभी कार्यों के तकनीकी तखमीने और आवश्यक कागजी कार्यवाही को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दे दिए गए हैं ताकि धरातल पर निर्माण कार्य अविलंब शुरू किया जा सके।
