टोंक के नए एसपी रोशन मीणा ने संभाला कार्यभार, बोले-आमजन को मिलेगी बेहतर पुलिसिंग और अपराधियों पर होगी निर्णायक कार्रवाई,

माफियाओं पर सख्ती होगी पहली प्राथमिकता-साईबर अपराध पर भी होगा कड़ा शिकंजा

शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल।टोंक जिले को शनिवार को नए पुलिस अधीक्षक के रूप में युवा आईपीएस अधिकारी रोशन मीणा मिले हैं। नव नियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोशन मीणा ने शनिवार को विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान पुलिस लाइन में जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी रोशन मीणा ने मीडिया से रूबरू होते हुए जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का स्पष्ट संदेश दिया।
नवागत एसपी रोशन मीणा ने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि टोंक जिले में लंबे समय से गंभीर समस्या बने अवैध बजरी खनन और परिवहन पर रोक लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं, परिवहनकर्ताओं और संरक्षण देने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि जिले में कानून का राज कायम रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साइबर अपराधों में लगातार बढ़ोतरी को गंभीर चुनौती बताते हुए एसपी मीणा ने कहा कि साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए तकनीकी स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। एसपी रोशन मीणा ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर भी सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य करेगी। आमजन की सुरक्षा और विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है तथा लोगों को बेहतर और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने, आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश भी दिए। नए एसपी के पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले में पुलिस प्रशासन से अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें जुड़ गई हैं।