बजरी माफियाओं संग पुलिसकर्मियों का डांस वीडियो वायरल-बरौनी थाना पुलिस पर उठे सवाल

किसी स्टॉफ के शादी समारोह का बताया जा रहा वायरल वीडियो-वांछित बजरी माफिया की एंट्री से मचा हड़कंप,पुलिस व माफिया गठजोड़ की चर्चाएं तेज

शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल।जिले के पीपलू सर्किल अंतर्गत बरौनी थाना क्षेत्र से पुलिसकर्मियों और कथित बजरी माफियाओं के साथ डांस करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिलेभर में हड़कंप मच गया है। प्रथम दृष्टया सामने आया हैं कि यह वायरल वीडियो 19 मई का बताया जा रहा है, हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लेकिन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में बरौनी थाने के करीब 8 पुलिसकर्मी कथित रूप से क्षेत्र के सक्रिय बजरी माफियाओं के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में रतिराम चौधरी (हेड कांस्टेबल), रवि कुमार (कांस्टेबल), रामप्रसाद जाट (कांस्टेबल), भरतराज देवंदा (कांस्टेबल), भगवान सहाय (कांस्टेबल), रामकिशोर मीणा (कांस्टेबल), शंकर लाल बैरवा (कांस्टेबल) और बनवारी लाल बैरवा (कांस्टेबल) दिखाई देने की चर्चा है। वहीं वायरल वीडियो में सफेद शर्ट पहने नजर आ रहा मुकेश उर्फ मस्या गुर्जर भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ बजरी से जुड़े आधा दर्जन से अधिक प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जिनमें राजकार्य में बाधा जैसे मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं। एक बजरी कारोबारी किसी प्रकरण में वांछित भी बताया जा रहा है। इसके अलावा महेश भांची नामक व्यक्ति भी वीडियो में पुलिसकर्मियों के साथ डांस करता दिखाई दे रहा है, जिसे क्षेत्र में बजरी कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है।
*पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल*
वीडियो वायरल होने के बाद आमजन के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली और कथित बजरी माफियाओं से संबंधों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक ओर पुलिस और प्रशासन अवैध बजरी खनन व परिवहन पर सख्त कार्रवाई के दावे करते हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे वीडियो सामने आने से पुलिस की छवि पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों के बीच यह चर्चा भी बनी हुई है कि वीडियो किसी निजी समारोह का है या फिर पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान वहां मौजूद थे। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
*सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा*
वायरल वीडियो को लेकर बरौनी थाना क्षेत्र सहित पूरे जिले में चर्चाओं का दौर जारी है। सोशल मीडिया पर लोग इस मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों पर टिकी हुई है कि इस पूरे मामले की जांच किस स्तर पर होती है और क्या संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है या मामला केवल चर्चाओं तक सीमित रह जाएगा।
*इनका है कहना*
इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक रामावतार चौधरी एवं बरौनी थानाधिकारी कुसुम मीना ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों के कथित रूप से किसी प्रकरण में वांछित बजरी कारोबारी के साथ शादी समारोह में गानों पर डांस करते दिखाई देने का मामला सामने आया है। मामला किसी पुलिस स्टाफ के शादी समारोह का बताया जा रहा है। मामले की पुलिस व बजरी माफिया के लिंक होने के संबंध में गहन जांच की जा रही है तथा जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *