जयपुर, स्मार्ट हलचल। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि परीक्षा 12 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। आयोग ने परीक्षा स्थगित होने या आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू किए जाने की चर्चाओं का खंडन किया है।आयोग ने भर्ती के पदों की संख्या में संशोधन करते हुए कुल रिक्तियों को 10,537 से घटाकर 9,651 कर दिया है। यह संशोधन भर्ती नियमों के अनुरूप किया गया है।
आयोग के अनुसार मूल विज्ञापन 17 जुलाई 2025 को 6,500 पदों के लिए जारी किया गया था। बाद में शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर पदों की संख्या बढ़ाकर 10,537 कर दी गई थी। हालांकि नियमों के अनुसार किसी भी भर्ती में मूल पदों की संख्या में अधिकतम 50 प्रतिशत तक ही वृद्धि की जा सकती है। इसी प्रावधान के तहत संशोधित शुद्धि-पत्र जारी कर कुल पदों की संख्या 9,651 निर्धारित की गई है।
इस भर्ती के लिए 12.30 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिनके लिए परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगी।
विषयवार संशोधित पद
- गणित: 2,076 पद
- विज्ञान: 2,031 पद
- अंग्रेजी: 1,956 पद
- हिंदी: 1,577 पद
- संस्कृत: 1,323 पद
- सामाजिक विज्ञान: 600 पद
- उर्दू: 71 पद
- पंजाबी: 14 पद
- सिंधी: 2 पद
- गुजराती: 1 पद
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल आरपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक नोटिस पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें।
