राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी।स्मार्ट हलचल।प्रखर वक्ता पूज्य गुरुदेव श्री रविन्द्र मुनि मसा के आगामी कोटड़ी चातुर्मास को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। चातुर्मास की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से कोटड़ी का प्रतिनिधिमंडल भीलवाड़ा के बसंत विहार पहुंचा, जहां प्रतिनिधियों ने युवाचार्य श्री महेन्द्र ऋषि जी मसा एवं कोटड़ी में चातुर्मास करने वाले गुरुदेव श्री रविन्द्र मुनि मसा के दर्शन एवं वंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान आगामी 27 जुलाई को होने वाले गुरुदेव के भव्य मंगल प्रवेश, चातुर्मास की व्यवस्थाओं तथा चार माह तक आयोजित होने वाले धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में श्रद्धालुओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाने तथा कार्यक्रमों को भव्य एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष चर्चा हुई।प्रतिनिधिमंडल ने गुरुदेव को कोटड़ी में चातुर्मास के प्रति श्रद्धालुओं में व्याप्त उत्साह एवं तैयारियों की जानकारी दी। वहीं गुरुदेव ने धर्म आराधना, संयम, स्वाध्याय और सेवा भावना के साथ चातुर्मास को सफल बनाने का संदेश देते हुए आयोजन को आध्यात्मिक दृष्टि से प्रेरणादायी बनाने पर बल दिया।प्रतिनिधिमंडल में श्री वर्द्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के संरक्षक नवरतनमल पोखरना, अध्यक्ष निर्मल लोढ़ा, मंत्री प्रकाश पोखरना, चातुर्मास समिति के अध्यक्ष शान्ति लाल पोखरना, मंत्री वीरेंद्र लोढ़ा, कोषाध्यक्ष ऋषभ पोखरना सहित संघ एवं चातुर्मास समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
