जोबनेर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के अंतर्गत जोबनेर शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर 7 अगस्त को अंबेडकर भवन सभागार में “आरयूआईडीपी संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, प्रबुद्ध नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों की भागीदारी रहेगी।
संवाद कार्यक्रम में आरयूआईडीपी के पंचम चरण के तहत जोबनेर में लगभग 2.06 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही शहर की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिभागियों से सुझाव एवं फीडबैक भी लिए जाएंगे।
आरयूआईडीपी के तहत जोबनेर में बाढ़ प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यटन विकास तथा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से संबंधित कार्य प्रस्तावित हैं। इन योजनाओं का वित्तपोषण एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) और विश्व बैंक के सहयोग से किया जाएगा।
गौरतलब है कि राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के अनुरूप आरयूआईडीपी का पांचवां चरण प्रक्रियाधीन है। इसके तहत प्रदेश के 84 शहरों में लगभग 9,500 करोड़ रुपए की लागत से शहरी आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य शहरों को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित, पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ बनाते हुए नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जोबनेर शहर में लगभग 2.06 करोड़ की लागत से बाढ़ प्रबंधन, कमांड और कंट्रोल सेंटर, तथा पर्यटन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्य किये जाएंगे, इसका वित्तपोषण एशियन विकास बैंक व विष्व बैंक से किया जाएगा।
