जहाजपुर को विकास की बड़ी सौगात: कैबिनेट मंत्री चौधरी ने किए कई कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास
विधायक गोपीचंद मीणा रहे मौजूद, पेयजल-सड़क से लेकर फल-सब्जी मंडी और बिजली निगम कार्यालय तक विकास कार्यों की रखी नींव
अलकेश पारीक
जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान शिक्षा, पेयजल, सड़क, कृषि विपणन एवं बिजली व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम के तहत बोराणी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में नवनिर्मित चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही बोराणी से सहलादाता तक सीसी सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा की सौगात दी गई।
पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं सरसिया में 2000 केएल क्षमता के उच्च जलाशय एवं पाइपलाइन निर्माण कार्य तथा पीपलून्द में डीएमएफटी मद से निर्मित पाइपलाइन कार्य का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री चौधरी एवं विधायक मीणा ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिशासी अभियंता कार्यालय भवन का भूमिपूजन भी किया। कार्यालय भवन बनने से क्षेत्र में विद्युत संबंधी प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वहीं क्षेत्र के किसानों और कृषि व्यापार को बढ़ावा देने की दिशा में फल एवं सब्जी मंडी की स्थापना के लिए भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। मंडी विकसित होने से किसानों को अपनी उपज के विपणन के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलने की संभावना है।
एक ही कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़े विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास से जहाजपुर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
