कोटा।स्मार्ट हलचल|श्री मैथिल ब्राह्मण समाज संस्था, कोटा की ओर से सोगरिया स्थित श्री परशुराम भवन में सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के 10 बटुकों का वैदिक रीति-रिवाज एवं मैथिल परंपरा के अनुसार यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः मंगल गीतों के साथ हुआ। मुख्य आचार्य पंडित रमेश चंद्र शर्मा एवं सहयोगी आचार्य महाराज कुमार शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञोपवीत धारण, ब्रह्मोपदेश एवं गायत्री मंत्र दीक्षा की विधियां संपन्न कराईं। इस दौरान पारंपरिक भिक्षाटन की रस्म भी निभाई गई, जिसमें समाज की महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की।
संस्था अध्यक्ष शिव प्रसाद मिश्रा ने कहा कि सामूहिक आयोजनों से सामाजिक परंपराओं का संरक्षण होने के साथ-साथ मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत भी मिलती है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे और बटुकों को आशीर्वाद प्रदान किया। आयोजन में संस्था के सचिव हरिओम मिश्रा, कोषाध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र मिश्रा सहित जयप्रकाश शर्मा, योगेश मिश्रा, तृप्ति झा, रवि शर्मा, दीप्ति मिश्रा, रागिनी शर्मा, कामिनी, पूर्व अध्यक्ष एन.के. शर्मा, पूर्व महासचिव गोपाल कृष्ण मिश्रा एवं गोपाल शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संस्था की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले आचार्यगण, दानदाताओं, युवा स्वयंसेवकों एवं मातृशक्ति के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
