रणवीर सिंह चौहान भवानी मंडी
स्मार्ट हलचल /आज पुलिस अधीक्षक, झालावाड़ ने सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष श्रोत्रिय, वृत्ताधिकारी भवानीमंडी और थानाधिकारी भवानीमंडी की उपस्थिति में क्षेत्र की दो बस्तियों के निवासियों के साथ बैठक की। इन बस्तियों में नाबालिग बालिकाओं को जबरन वेश्यावृत्ति में धकेलने के संबंध में हाल ही में प्रकरण दर्ज किया गया है।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी बालिका को बहला-फुसलाकर, दबाव डालकर या किसी अन्य तरीके से यौन शोषण में धकेलने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभिभावकों से कहा गया कि वे अपनी बेटियों का विद्यालय में नामांकन कराएँ, उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी पढ़ाई जारी रखने में सहयोग करें।
बालिकाओं की सुरक्षा और पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए झालावाड़ पुलिस निम्न बिंदुओं पर कार्य करेगी।
* स्कूल में नियमित उपस्थिति। संबंधित विद्यालयों से समन्वय कर बालिकाओं की उपस्थिति की समीक्षा की जाएगी। किसी बालिका के लगातार अनुपस्थित रहने या पढ़ाई छोड़ने की जानकारी मिलने पर उसके कारणों का पता लगाया जाएगा। शोषण, दबाव या तस्करी का संदेह होने पर पुलिस तत्काल जाँच करेगी।
* पढ़ाई से दोबारा जोड़ना। स्कूल से बाहर या बीच में पढ़ाई छोड़ चुकी बालिकाओं के नामांकन और पढ़ाई जारी रखने के लिए शिक्षा विभाग से समन्वय किया जाएगा। छात्रवृत्ति और छात्रावास जैसी उपलब्ध सुविधाओं से जोड़ने में भी सहयोग किया जाएगा।
* नियमित संपर्क और सहायता। बीट पुलिस बस्तियों के निवासियों और विद्यालयों के संपर्क में रहेगी। किसी बालिका को संरक्षण, परामर्श या अन्य सहायता की आवश्यकता होने पर बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई से समन्वय किया जाएगा।
* सूचना की गोपनीयता। बालिका पर दबाव डालने, उसे बहला-फुसलाकर ले जाने या उसके शोषण की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। बालिका की पहचान और सूचना देने वाले व्यक्ति का विवरण गोपनीय रखा जाएगा।
झालावाड़ पुलिस प्रत्येक बालिका की सुरक्षा और उसकी पढ़ाई जारी रखने के लिए परिवारों, विद्यालयों और संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम करेगी।