अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर ब्यावर जिलेभर के प्रमुख मठों व मंदिरों में संतों-महंतों का सम्मान श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संतों का वंदन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया।समारोह के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से संतों को गुरु वंदन संदेश, शॉल, श्रीफल, मिठाई एवं अन्य सम्मान सामग्री भेंट की गई।
विभिन्न स्थानों पर आयोजित हुए सम्मान समारोह:
अकलपुरी धूणी (बागलिया): विधायक शंकर सिंह रावत और अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्री 1008 नरेश पुरी जी महाराज को मुख्यमंत्री का संदेश व सम्मान सामग्री भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जैतारण: कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने संत मगन राम दास महाराज का अभिनंदन कर गुरु परंपरा के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त की।
आस पहाड़ की धूणी (ब्यावर): तहसीलदार मोहर सिंह की मौजूदगी में श्री 1008 महेन्द्रपुरी महाराज का सम्मान संपन्न हुआ।
संतों ने दिया सद्भावना का संदेश
इस अवसर पर संतों और महंतों ने समाज में आध्यात्मिक मूल्यों, आपसी सद्भावना और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। जिला प्रशासन के बेहतर समन्वय से जिलेभर में गुरु-शिष्य परंपरा का यह उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
