साकेत नगर थाना पुलिस की बड़ी कामयाबी: घर में हुई चोरी का महज 7 दिन में खुलासा, शत-प्रतिशत माल बरामद

अनिल कुमार

सूने मकान में हुई बड़ी चोरी का खुलासा, पुलिस ने नाबालिग को पकड़ा; ₹8 लाख के सोने-चांदी के गहने बरामद

ब्यावर । जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (I.P.S.) के विशेष अभियान के तहत साकेत नगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब एक सप्ताह पूर्व मधुसूदन कॉलोनी क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है। साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
थानाधिकारी जयपाल सिंह (R.P.S. प्रो.) ने बताया कि 14 अप्रैल को प्रार्थी कैलाश चंद ने घर में सेंधमारी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 10 अप्रैल को हुई इस वारदात में करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमें गठित कीं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध बालक को डिटेन किया गया। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

सुनार भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
नाबालिग से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी उमाशंकर (21 वर्ष) पुत्र मधुमंगल सोनी, निवासी साकेत नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी गया सारा माल—जिसमें सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां (2.5 तोला), कान के टॉप्स और चांदी की पायजेब व कनकती शामिल हैं—बरामद कर लिया है।

पुलिस टीम की सफलता
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गणपतराम, हैड कांस्टेबल किशनाराम, और कांस्टेबल रणजीत, जालाराम, दिनेश, मुकेश सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और शत-प्रतिशत बरामदगी की सराहना की है।