मंगरोप पुलिस की सख्ती से बजरी माफियाओं में खौफ: पुलिस वाहन देखते ही रास्ते में खाली की बजरी, भागते दो चालक गिरफ्तार

मंगरोप@मुकेश खटीक।क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ मंगरोप थाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है।पुलिस की सख्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई से बजरी माफियाओं में दहशत का माहौल है।इसका ताजा उदाहरण थाना क्षेत्र के मंडपिया स्थित नदी तट पर देखने को मिला,जहां पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही दो ट्रैक्टर चालक बजरी से भरी ट्रॉलियां रास्ते में ही खाली कर भागने लगे।हालांकि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों आरोपियों को मौके से ही दबोच लिया गया।
थानाधिकारी विजय मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन पर निगरानी रखे हुए थी।इसी दौरान मंडपिया नदी तट क्षेत्र में दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध रूप से बजरी परिवहन किए जाने की सूचना मिली।पुलिस वाहन को अपनी ओर आते देख दोनों चालक घबरा गए और कार्रवाई से बचने के लिए ट्रॉलियों में भरी बजरी रास्ते में ही खाली कर फरार होने का प्रयास करने लगे।पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और भाग रहे दोनों चालकों को पकड़ लिया।पूछताछ में उनकी पहचान भेरूलाल भील पुत्र भवरलाल भील निवासी मंडफिया तथा जोधालाल भील पुत्र लक्ष्मण भील निवासी बीलिया कला के रूप में हुई।पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।उनके खिलाफ एमएमडीआर एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अवैध खनन पर लगातार कार्रवाई

मंगरोप थाना पुलिस द्वारा हाल के दिनों में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की सक्रियता के चलते अवैध बजरी कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि पुलिस की सख्त निगरानी और निष्पक्ष कार्रवाई से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगने लगा है।

कानून तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी राहत

थानाधिकारी विजय मीणा ने कहा कि अवैध खनन और बजरी परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।उन्होंने आमजन से भी अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की,ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।