संगठन में सक्रियता का मिला इनाम, रामपाल चौधरी बने भाजयुमो प्रदेश सोशल मीडिया सह-प्रभारी

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) की प्रदेश कार्यकारिणी में भीलवाड़ा जिले के युवा कार्यकर्ता रामपाल चौधरी को अहम जिम्मेदारी मिली है। पांसल निवासी एवं भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रामपाल चौधरी को भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने सोशल मीडिया सह-प्रभारी नियुक्त किया है।

नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह का माहौल है। संगठन के प्रति सक्रियता और सांगठनिक कार्यों में लगातार योगदान के चलते चौधरी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान रामपाल चौधरी ने करीब 2500 युवाओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाकर जिले में उल्लेखनीय कार्य किया था। सदस्यता अभियान में उनके प्रदर्शन को संगठन स्तर पर सराहा गया था। इसी सक्रियता और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें प्रदेश टीम में स्थान दिया गया है।

नियुक्ति की सूचना के बाद पांसल सहित जिलेभर के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने रामपाल चौधरी को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी दिनभर बधाइयों का दौर चलता रहा।