निवाई में टोंक एसीबी टीम का बड़ा धमाका-डॉ. केएन मोदी यूनिवर्सिटी के दो अधिकारी 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

परीक्षा प्रवेश पत्र जारी करने सहित अनुपस्थिति से जुड़े मामले को सेटल करने की एवज में मांगी गई थी रिश्वत

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/निवाई।स्मार्ट हलचल।भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) टोंक की टीम ने एएसपी ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में शुक्रवार को बनस्थली निवाई स्थित डॉ. केएन मोदी यूनिवर्सिटी में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार एसीबी टोंक इकाई की टीम ने केएन मोदी यूनिवर्सिटी के बोर्ड विभाग की एचओडी मीनू मंगल एवं प्रोफेसर रमेश मीणा को रिश्वत लेते हुए दबोचा।आरोप है कि दोनों आरोपी अधिकारी बीएड परीक्षा प्रवेश पत्र जारी करने सहित छात्रों की अनुपस्थिति से जुड़े मामले को सेटल करने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। परिवादी छात्र की शुक्रवार को परीक्षा थी, लेकिन आरोपियों द्वारा प्रवेश पत्र जारी नहीं कर 23 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टोंक टीम ने तत्काल सत्यापन किया, जिसमें मामला सही पाया गया। इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी टोंक के एएसपी ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में टीम ने दोनों आरोपियों को यूनिवर्सिटी परिसर से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में अन्य लोगों की संदिग्ध भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। एसीपी की टीम ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है, जिसे एसीबी द्वारा शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।