सरस डेयरी परिसर में शॉर्ट सर्किट से दूध टैंकर में लगी भीषण आग, मची अफरा तफरी

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। शहर की सरस डेयरी परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूध लेकर पहुंचे एक टैंकर में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने टैंकर की केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के दौरान डेयरी परिसर में मौजूद कर्मचारियों और लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर टैंकर खड़ा था, उसके पास ही घी का गोदाम स्थित था। ऐसे में आग के फैलने का खतरा लगातार बना हुआ था। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग से उठता घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में भी दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर तेजी से काबू पाया, जिससे आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

फायरवूमेन रीना कुमारी ने बताया कि सरस डेयरी परिसर में ठेकेदार प्रभुलाल शर्मा का दूध टैंकर खड़ा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण उसमें आग लग गई। सिटी कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। समय रहते आग पर नियंत्रण पाने से बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि टैंकर की केबिन पूरी तरह जल गई, लेकिन घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।