शुभ पुष्य नक्षत्र में शोपुरा जाटोंका की सरपंच कमलेश जाट ने संभाला पदभार

रमेशचंद्र डाड

हवन-पूजन और श्रीराम के जयकारों के बीच हुआ कार्यभार ग्रहण समारोह, विकास का दिलाया भरोसा

आकोला। स्मार्ट हलचल|नवगठित ग्राम पंचायत शोपुरा जाटोंका, पंचायत समिति कोटड़ी, जिला भीलवाड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती कमलेश देवराज जाट ने शुभ पुष्य नक्षत्र में विधि-विधान के साथ पदभार ग्रहण किया। ग्राम शोपुरा के सामुदायिक भवन में आयोजित समारोह में धार्मिक परंपराओं और उत्साह का माहौल रहा।

पंडित सत्यनारायण उपाध्याय के सानिध्य में हवन-पूजन के बाद मोलीबंधन खोलकर सरपंच कमलेश देवराज जाट को सरपंच की कुर्सी पर बैठाया गया। इस दौरान श्रीराम जय राम जय जय राम विजय मंत्र का पांच बार जाप कर पदभार ग्रहण की प्रक्रिया संपन्न हुई। सरपंच ने अपनी जीत को जनता जनार्दन के आशीर्वाद और प्रभु श्रीराम की कृपा बताया।

सरपंच कमलेश देवराज जाट ने ग्राम पंचायत के विकास में कोई कमी नहीं रखने तथा गरीब एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का भरोसा दिलाया।

समारोह में शोपुरा जाटोंका सहित अमरतिया, देवनगर और करेड़ गांवों के सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में एडवोकेट सत्यनारायण तेली, सवाईपुर सरपंच बालूलाल बलाई, पूर्व सरपंच नवरतन शर्मा, अमरचंद गाडरी, मोटरों का खेड़ा सरपंच काशीराम जाट, रेड़वास सरपंच महावीर जाट, गेंदलिया सरपंच कैलाश माली, भारतीय किसान संघ राजस्थान के प्रदेश अफीम आयाम प्रमुख बद्रीलाल जाट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

धार्मिक आस्था और जनसमर्थन के बीच संपन्न हुआ पदभार ग्रहण समारोह नवगठित ग्राम पंचायत में विकास की नई उम्मीदों का संदेश लेकर आया।