17 सिंबल विवाद पर कांग्रेस कार्यालय के बाहर चरखा लेकर सत्याग्रह, पालीवाल ने डोटासरा के इस्तीफे की उठाई मांग, बोले- मांग नहीं मानी तो भूख हड़ताल और दिल्ली कूच

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|नगर निगम चुनाव में 17 कांग्रेस प्रत्याशियों को सिंबल नहीं मिलने और महापौर पद के लिए पार्टी प्रत्याशी का सिंबल जमा नहीं होने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य मनोज पालीवाल ने सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर चरखा लेकर सत्याग्रह किया। उन्होंने चरखा चलाते हुए ‘रघुपति राघव राजा राम’ की धुन के साथ विरोध जताया और प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के इस्तीफे की मांग की।

पालीवाल ने आरोप लगाया कि भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव के सिंबल प्रकरण में प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि उन्होंने डोटासरा की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ भी किया, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। पालीवाल ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में जिम्मेदार माने जा रहे नेताओं पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें पंचायत समिति चुनाव में प्रभारी बनाया गया।

उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के प्रतीक महात्मा गांधी को आदर्श मानते हुए चरखा लेकर सत्याग्रह शुरू किया है। पालीवाल ने दावा किया कि उन्हें निष्कासन की धमकी दी गई है, लेकिन वे पीछे नहीं हटेंगे।

पालीवाल ने कहा कि उन्होंने प्रदेश प्रभारी मुकेश वर्मा सहित जयपुर और दिल्ली के नेताओं से संपर्क करने तथा ई-मेल के जरिए शिकायत करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो भूख हड़ताल शुरू करेंगे। इसके बाद दिल्ली जाकर कांग्रेस आलाकमान के सामने मामला उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो राहुल गांधी से भी व्यक्तिगत मुलाकात कर भीलवाड़ा के पूरे प्रकरण से अवगत कराया जाएगा।