सवाईपुर: बड़ला में भव्य कलश यात्रा के साथ पंच दिवसीय यज्ञ शुरू, 10 मई को होगा पीपल विवाह

सांवर वैष्णव

सवाईपुर|स्मार्ट हलचल। कस्बे के निकटवर्ती बड़ला गांव में बोर का मंड देवनारायण मंदिर पर पीपल विवाह और काल भैरव की मूर्ति स्थापना को लेकर बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसी कलश यात्रा के साथ गांव में पंच दिवसीय पंच कुंडात्मक श्री हरि हरात्मक यज्ञ एवं पीपल विवाह के मांगलिक आयोजनों की विधिवत शुरुआत हो गई है। पूरे गांव में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह और भक्ति का माहौल है।

211 कलशों के साथ निकली यात्रा, 35 जोड़ों ने दी आहुतियां

बुधवार प्रातः 10:15 बजे पाल के देवनारायण मंदिर से पूजा-अर्चना के साथ कलश यात्रा शुरू हुई, जिसमें महिलाएं 211 मंगल कलश धारण कर चल रही थीं। दोपहर 1:15 बजे मंडप प्रवेश किया गया। इसके बाद यज्ञाचार्य लादू लाल दाधीच (आटूण) के सानिध्य में देवी-देवताओं की स्थापना की गई। सायं 4:15 बजे अग्नि स्थापना हुई, जिसमें 35 जोड़ों ने हवन कुंड में बैठकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां लगाईं।

9 मई को आएगी बारात, 10 को मूर्ति स्थापना व पूर्णाहुति

आयोजन समिति ने बताया कि शनिवार 9 मई को सायं 5 बजे बड़ी हरणी से मंगरी के देवनारायण भगवान के यहां से बारात आएगी।

  • रविवार 10 मई, प्रातः 4:15 बजे: देवनारायण भगवान का पीपल के साथ विवाह।
  • रविवार 10 मई, दोपहर 12:15 बजे: अभिजीत मुहूर्त में काल भैरव की मूर्ति की स्थापना।
  • इसके पश्चात यज्ञ की पूर्णाहुति होगी और विशाल प्रसादी का वितरण किया जाएगा।