नई आबादी में अवैध शराब का खेल–रिहायशी इलाके में बढ़ी असामाजिक गतिविधियां

मूलचन्द पेसवानी

स्मार्ट हलचल|शाहपुरा की नई आबादी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और बढ़ती असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ आखिरकार जनता का सब्र टूट गया। आक्रोशित नागरिकों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक, भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि 4 मई 2026 को पुलिस उपाधीक्षक, शाहपुरा को लिखित शिकायत देने के बावजूद तीन दिन बीत जाने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र में रोष और असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ती जा रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि कुछ लोग बिना लाइसेंस के रिहायशी इलाके में खुलेआम शराब बेच रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह अवैध कारोबार विद्यालय और मस्जिद के पास संचालित हो रहा है, जिससे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
इतना ही नहीं, इस स्थान पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था बिगड़ने लगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पहले भी कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर संबंधित लोग धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने से भी नहीं चूक रहे हैं, जिससे आमजन में डर का माहौल बन गया है।
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई गई है।