सावन कांवड़ यात्रा को लेकर थाना हैदराबाद में शांति समिति की बैठक

सीओ महक शर्मा ने लिया सहयोग का भरोसा, थाना परिसर में किया वृक्षारोपण

 

गोला गोकर्णनाथ खीरी।स्मार्ट हलहल|आगामी सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना हैदराबाद परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी (सीओ) गोला महक शर्मा ने की। इस दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सभी संबंधित पक्षों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

बैठक में नायब तहसीलदार गोला, थाना प्रभारी सुनील मलिक, थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधान, कांवड़ मार्ग से जुड़े गांवों के प्रतिनिधि, मीट एवं अंडा विक्रेता, शराब विक्रेता तथा डीजे संचालक मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी को शासन की गाइडलाइन से अवगत कराते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि से दूर रहें।

सीओ महक शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है और इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। थाना प्रभारी सुनील मलिक ने भी मौजूद लोगों से यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।

बैठक के बाद क्षेत्राधिकारी महक शर्मा एवं थाना प्रभारी सुनील मलिक ने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।