मेडिकल कॉलेज में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, अव्यवस्थाएं देख भड़के सदर विधायक योगेश वर्मा

टूटी टाइलिंग, क्षतिग्रस्त एग्जॉस्ट जाली और उखड़ी इंटरलॉकिंग पर जताई कड़ी नाराजगी, अधिकारियों से मांगा जवाब

लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलहल|महिला अस्पताल परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सदर विधायक योगेश वर्मा ने अचानक मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग और निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली की हकीकत परख ली। निरीक्षण के दौरान परिसर में कई निर्माण संबंधी कमियां सामने आने पर विधायक ने मौके पर ही गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल परिसर में टूटी हुई टाइलिंग, क्षतिग्रस्त एग्जॉस्ट जाली, उखड़ी हुई इंटरलॉकिंग तथा ग्राउंड फ्लोर पर मानकों के विपरीत किए गए निर्माण कार्य को गंभीर लापरवाही माना। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रहे स्वास्थ्य संस्थानों में यदि गुणवत्ता से समझौता किया जाएगा तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

विधायक योगेश वर्मा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से इन कमियों पर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा और पूरे मामले में लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग और विकास कार्यों में घटिया निर्माण किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में उच्च गुणवत्ता के निर्माण और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

विधायक के औचक निरीक्षण से अस्पताल और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को शीघ्र दूर कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने निर्देश दिए कि सभी खामियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर दुरुस्त कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।