सूरौठ। स्मार्ट हलचल।कस्बा सूरौठ में ई मित्र की दुकान से पेंशन की राशि लेकर जा रहे 85 वर्षीय वृद्ध डुम्मा मीणा से 62 हजार सात सौ रुपए की नगदी की ठगी करने वाले बदमाश को सूरौठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से 62700 रूपए की नकदी, कागजातों एवं मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है। पुलिस बदमाश से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी कालीचरण शर्मा ने बताया कि फर्जी बैंक कर्मी बन कर वृद्ध से ठगी करने वाले भरतपुर जिले के बयाना थाने के गांव कलसाडा के मूल निवासी एवं हिंडौन मिस्त्री मार्केट के हाल निवासी गोविंद जाट को पुलिस ने फतेहसिंह पुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी गोविंद जाट ट्रेन से बाहर जाने की फिराक में था जिसे थाने के एएसआई विष्णु गुर्जर, कांस्टेबल योगेंद्र सिंह व राजेंद्र कुमार ने दबोच लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि सूरौठ के मंजरों के पुरा निवासी डुम्मा मीणा 2 जून को कस्बे में ब्राह्मण धर्मशाला के पास स्थित अजीत ई मित्र सेंटर की दुकान से पेंशन राशि निकलवा कर अपने घर जा था तो गोविंद जाट मोटरसाइकिल पर सवार होकर पीछे से आया तथा कहने लगा कि बाबा मैं भी आपके घर की तरफ जा रहा हूं। डुम्मा मीणा उसकी बाइक पर बैठ गया। उसने डुम्मा मीणा से कहा कि वह बैंक कर्मी है तथा पुराने नोटों को सरकार ने बंद कर दिया है। नोट आज दोपहर तक बदले जा रहे हैं। इस पर डुम्मा मीणा ने कहा कि मेरे पास तो घर पर भी पुराने नोट रखे हुए हैं उन्हें भी बदलवा देना। घर पहुंचकर डुम्मा मीणा 60 हजार रुपए की नगदी एवं 2700 रूपए की की पेंशन राशि को बैग में रख कर लाया तथा नोट बदलवाने के लिए गोविंद जाट को बैग थमा दिया। बैग को लेकर आरोपी ने वृद्ध को आधार कार्ड लेने के लिए दोबारा घर भेज दिया। जब डुम्मा मीणा आधार कार्ड लेने घर के अंदर गया तो गोविंद जाट नगदी को लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सूरौठ पुलिस ने ई मित्र की दुकान पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। सीसीटीवी फुटेज से जांच कर पुलिस ने ठगी करने वाले बदमाश का पता लगाया तथा उसे गिरफ्तार कर लिया है।
