ग्रामीण सेवा शिविर में वर्षों पुराना स्कूल का अतिक्रमण हटाया, 10 पुश्तैनी पट्टे वितरित

शक्करगढ़ ग्राम पंचायत में विभिन्न विभागों ने मौके पर ही किए जनसमस्याओं का समाधान, राजस्व, कृषि, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ

जहाजपुर।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत शक्करगढ़ में आयोजित ग्रामीण जनसमस्या समाधान एवं सेवा शिविर के दौरान माल की झोपड़ी स्थित राजकीय विद्यालय की भूमि पर वर्षों से चला आ रहा अतिक्रमण हटाया गया। यह अतिक्रमण विद्यालय की चारदीवारी (बाउंड्री) के भीतर था, जिसे प्रशासन की मौजूदगी में हटाकर विद्यालय परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। राजस्व विभाग की ओर से 10 पुश्तैनी पट्टे वितरित किए गए, जबकि 32 नए पट्टों के लिए आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा राजस्व संबंधी मामलों में 2 बंटवारे, धारा 136 के 19 शुद्धिकरण तथा 15 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
कृषि विभाग को 12 पाइपलाइन एवं 13 कृषि यंत्रों के लिए आवेदन प्राप्त हुए। किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए “राज किसान” ऐप डाउनलोड करवाया गया। साथ ही भीमपुरा तालाब के छोरों की सफाई कराने का ग्रामीणों ने आवेदन किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से पालनहार योजना के 11 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा 2 लाभार्थियों की पेंशन का नवीनीकरण किया गया। खाद्य सुरक्षा योजना से अब तक वंचित रहे 3 पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाया गया।
स्वास्थ्य विभाग की आयुर्वेद इकाई में बारिश के मौसम के कारण पेट दर्द सहित विभिन्न समस्याओं से पीड़ित 57 लोगों की जांच कर उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया गया।

शिविर के दौरान उपखंड अधिकारी छत्रपाल सिंह, विकास अधिकारी सीताराम मीणा, प्रधान प्रतिनिधि किशोर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने शिविर में मौके पर समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ मिलने पर संतोष व्यक्त किया।