‘बच्चों की पढ़ाई से हो रहा खिलवाड़’, समय पर न पहुंचने का लगाया आरोप, जांच की उठाई मांग
मोहम्मदी खीरी। स्मार्ट हलचल|उत्तर प्रदेश सरकार जहां परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समयबद्ध संचालन पर लगातार जोर दे रही है, वहीं मोहम्मदी नगर के मोहल्ला शंकर छावनी स्थित प्राथमिक विद्यालय को लेकर अभिभावकों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि विद्यालय निर्धारित समय पर नहीं खुलता, जिसके कारण छोटे-छोटे बच्चे रोजाना स्कूल के बाहर खड़े होकर इंतजार करने को मजबूर हो जाते हैं।
अभिभावकों के अनुसार विद्यालय का निर्धारित समय सुबह 7:00 बजे है, लेकिन कई बार सुबह 8:30 बजे तक भी विद्यालय का ताला नहीं खुलता। इस दौरान बच्चे धूप और उमस में स्कूल के बाहर खड़े रहते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई के साथ-साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ जाती है।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विद्यालय की प्रधानाचार्य नियमित समय पर विद्यालय नहीं पहुंचती हैं। उनका कहना है कि प्रधानाचार्य प्रायः सुबह 10:00 से 10:30 बजे के बीच विद्यालय आती हैं, उपस्थिति दर्ज करने के बाद वापस चली जाती हैं। यदि यह आरोप सही हैं तो इससे विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शिक्षक ही समय का पालन नहीं करेंगे तो बच्चों में अनुशासन और शिक्षा के प्रति गंभीरता कैसे विकसित होगी। उनका मानना है कि परिषदीय विद्यालयों की छवि सुधारने के सरकारी प्रयास ऐसे मामलों से प्रभावित होते हैं।
अभिभावकों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में बच्चों की शिक्षा से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।
अभिभावकों का यह भी दावा है कि इस संबंध में वीडियो भी उपलब्ध है, जिसमें विद्यालय निर्धारित समय के काफी बाद खुलता हुआ दिखाई दे रहा है। अब सभी की निगाहें शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं कि वह मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाता है या नहीं।
