(रमेश चंद्र डाड)
आकोला |बरूदनी।स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरूदनी में आयोजित एसडीएमसी (स्कूल डेवलपमेंट मैनेजमेंट कमेटी) की बैठक में कई अहम और बड़े फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य बाबूलाल बेरवा ने की।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय यह रहा कि विद्यालय के जर्जर कमरों को जमींदोज करने का पूर्व प्रस्ताव रद्द कर दिया गया। बोलीदाता नहीं मिलने के कारण अब इन कमरों को नहीं तोड़ा जाएगा, जिससे स्कूल परिसर में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होगी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए शौचालयों की मरम्मत कराने का अहम प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं जिन कक्षाओं में छोटे-मोटे मरम्मत कार्य आवश्यक हैं, उन्हें भी शीघ्र पूरा कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में गत वर्ष के परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए इस सत्र में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर बरूदनी पंचायत के प्रशासक गजेंद्र साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्यामलाल अहीर, शिवराज सिंह शक्तावत, शिव प्रकाश भट्ट, संजय सारस्वत एवं भंवर खटिक अध्यापक राजकुमार ,राधेश्याम अहीर सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद।
