पत्रकार हितों के लिए सदैव समर्पित रहे बोथरा, आईएफडब्ल्यूजे परिवार ने जताया गहरा दुख
सवाई माधोपुर, 26 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|वरिष्ठ पत्रकार एवं *बाड़मेर लाइव* के संपादक तथा इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) के अजमेर संभाग प्रभारी **प्रवीण बोथरा के असामयिक निधन** से पत्रकार जगत में शोक की लहर छा गई। रविवार शाम हृदयाघात के चलते उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत, विशेषकर आईएफडब्ल्यूजे संगठन से जुड़े पत्रकारों में गहरा दुख व्याप्त है। एक सक्रिय, सहज और पत्रकार हितों के लिए सदैव तत्पर रहने वाले साथी का यूं अचानक चले जाना सभी के लिए बेहद पीड़ादायक है।
आईएफडब्ल्यूजे के प्रदेश अध्यक्ष **उपेंद्र सिंह राठौड़** सहित प्रदेशभर के पत्रकारों और विभिन्न पत्रकार संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने बोथरा के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
आईएफडब्ल्यूजे के जिला अध्यक्ष **राजेश शर्मा** ने बताया कि प्रवीण बोथरा पत्रकारों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर हमेशा सक्रिय रहते थे। आगामी 28 अक्टूबर को जयपुर में संगठन के 76वें स्थापना दिवस के आयोजन तथा पत्रकार सुरक्षा कानून सहित पत्रकारों की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की तैयारी में वे जुटे हुए थे। इसी सिलसिले में वे प्रदेश के विभिन्न जिलों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों को व्हाट्सएप संदेश भेज रहे थे तथा फोन कर रात आठ बजे प्रस्तावित वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का आग्रह कर रहे थे।
आईएफडब्ल्यूजे के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि संगठनात्मक कार्यों को लेकर बातचीत के दौरान ही बोथरा ने अचानक सीने में दर्द होने की बात कही। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। पत्रकारों के हितों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति समर्पित बोथरा का इस तरह अचानक दुनिया से विदा हो जाना पूरे पत्रकार परिवार को स्तब्ध कर गया।
राठौड़ ने कहा कि प्रवीण बोथरा सरल स्वभाव के, मिलनसार और पत्रकारों के अधिकारों के लिए सदैव संघर्षशील रहने वाले साथी थे। संगठन के कार्यों में उनकी सक्रियता, सहयोग की भावना और पत्रकार हितों के प्रति प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।
प्रवीण बोथरा के निधन से पत्रकार जगत ने एक कर्मठ पत्रकार ही नहीं, बल्कि पत्रकारों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाला एक समर्पित साथी भी खो दिया है। उनकी स्मृतियां और पत्रकार हितों के लिए किए गए प्रयास सदैव याद किए जाते रहेंगे।