स्वगणना अभियान ने पकड़ी रफ्तार, वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद किया पंजीकरण

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जनगणना 2027 के तहत जिले में स्वगणना अभियान की जोरदार शुरुआत हो गई है। जिला प्रशासन के नेतृत्व में अभियान को गति देते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं पोर्टल पर पंजीकरण कर आमजन के लिए प्रेरक उदाहरण पेश किया।उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक (आर्थिक एवं सांख्यिकी) डॉ. सोनल राज कोठारी ने बताया कि जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक, जिला वन अधिकारी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने se.census.gov.in पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज की है। इस पहल से आम नागरिकों में भी स्वगणना को लेकर उत्साह बढ़ा है।
जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अधिकांश राजकीय कार्यालयों के कार्मिकों ने भी स्वप्रेरणा से अपनी स्वगणना पूरी कर ली है। सभी विभागों को शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कलेक्टर संधू ने आमजन से अपील की है कि वे स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि यह सरल, सुविधाजनक और नागरिकों को सीधे राष्ट्रीय कार्य से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अभियान है।