जिले में मिलावट पर कार्रवाई: पुष्पा कोल्ड स्टोर, विजय आइस फैक्ट्री सहित कई प्रतिष्ठानों से लिए नमूने

श्री चारभुजा फैक्ट्री, एसकेएस एजेंसी व हरिओम जूस सेंटर भी जांच के दायरे में,एडिबल बर्फ, ज्यूस, कार्बोनेटेड वॉटर व शेक के सैंपल लैब भेजे गए

भीलवाड़ा, 1 मई। स्मार्ट हलचल|जिला कलेक्टर के निर्देशन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान लगातार जारी है। गर्मी के मौसम में बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए विभाग ने बर्फ, आमरस, कार्बोनेटेड वॉटर व बादाम शेक जैसे विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए कार्रवाई की।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत गुरुवार को मेसर्स पुष्पा कोल्ड स्टोर एवं विजय आइस फैक्ट्री से एडिबल बर्फ के नमूने लिए गए। इसके साथ ही मनोज इंटरप्राइजेज (मलेला चौराहा) से कार्बोनेटेड वॉटर तथा मेसर्स सेठ सांवरिया जूस एवं आइसक्रीम सेंटर से आमरस का नमूना संग्रहित किया गया।

इसी क्रम में शुक्रवार को मेसर्स श्री चारभुजा फैक्ट्री से एडिबल बर्फ एवं एसकेएस एजेंसी से कार्बोनेटेड वॉटर के नमूने लिए गए। वहीं इंदिरा मार्केट स्थित हरिओम जूस सेंटर से बादाम शेक का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।

सभी नमूनों को अजमेर स्थित प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेजा गया है, जहां उनकी गुणवत्ता एवं शुद्धता की विस्तृत जांच की जाएगी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में टीम के अन्य सदस्य एवं प्रशिक्षु अधिकारी मौजूद रहे।

सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर विभाग की कड़ी नजर है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

नागरिकों से अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण तिथि एवं समाप्ति तिथि की अवश्य जांच करें। किसी भी प्रकार की मिलावट की आशंका होने पर तुरंत विभाग को सूचित करें। शिकायत के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर संपर्क किया जा सकता है।

संलग्न फोटो