नयागांव टांडी बंजारी में सनसनीखेज चोरी – घर की कच्ची दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर

संजय चौरसिया
स्मार्ट हलचल|हरनावदाशाहजी क्षेत्र के नयागांव टांडी बंजारी में बीती रात एक बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से कच्चे मकानों की पीछे की दीवारों को खोदकर घर में प्रवेश किया और बक्सों में रखा कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
फरियादी भूरालाल मीणा पुत्र मिश्रीलाल मीणा ने बताया कि चोर घर से लगभग 800 ग्राम चांदी, करीब 5000 रूपए नकद राशि, लगभग 8 किलो घी तथा कपड़े व लूगड़ियां सहित दो बक्से चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय पूरा परिवार शादी-लगन के कार्यक्रम में गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित भूरालाल मीणा ने आशंका जताई है कि यह चोरी किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा की गई हो सकती है, जिसे घर की पूरी जानकारी थी। वहीं उनके बेटे धनराज ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है और इस घटना के बाद उनकी माता की तबीयत भी बिगड़ गई है।

क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाएं, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि चोरों ने इलाके में आतंक मचा रखा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
थानाधिकारी दीनदयाल वैष्णव ने बताया कि फरियादी द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा।फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।