संजय चौरसिया
स्मार्ट हलचल|हरनावदाशाहजी कस्बे में इन दिनों जाम की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। शनिवार को पूरे दिन शहर की सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और आमजन घंटों तक जाम में फंसे रहे। बाजार क्षेत्र की संकरी गलियां पूरी तरह जाम से जूझती दिखीं। मामले को लेकर व्यापारी वर्ग ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि मेला मैदान का वैकल्पिक मार्ग गुरुवार से बंद कर दिया गया है, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं। पहले इसी रास्ते से लोडिंग वाहन निकलते थे, जिससे मुख्य बाजार पर दबाव कम रहता था, लेकिन वर्तमान में निर्माण कार्य के चलते यह मार्ग बंद है। अब सभी वाहन एक ही मार्ग से गुजर रहे हैं, जिससे लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। खास बात यह है कि विवेकानंद सर्किल से पुराने थाने तक रोजाना जाम लग रहा है, जिससे व्यापार और आमजन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। दिनभर सड़कें वाहनों और लोगों से पूरी तरह भरी रहती हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि कई बार इस जाम में एम्बुलेंस तक फंस जाती है, वहीं बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जा रहे वाहन भी लंबे समय तक जाम में अटके रहते हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
व्यापारियों की प्रमुख मांगें है कि बाजार में ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती की जाए।भारी वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किया जाए। मेला मैदान का वैकल्पिक मार्ग जल्द से जल्द खोला जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में जाम की समस्या और भी गंभीर रूप ले सकती है।
