सेवा, संस्कार और जनसमर्पण का प्रतीक बना बगरू विधायक कैलाश वर्मा का जन्मदिवस,15 हजार से अधिक लोग पहुंचे निमेड़ा

भरत देवड़वाल

बगरू-जयपुर।स्मार्ट हलचल।बगरू विधायक एवं राजस्थान सरकार में पूर्व मंत्री कैलाश वर्मा का जन्मदिवस मंगलवार को उनके पैतृक गांव निमेड़ा स्थित श्री श्याम गौशाला में “सेवा संकल्प दिवस” के रूप में श्रद्धा, उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया।इस अवसर पर बगरू विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सरपंचों के नेतृत्व में हजारों की संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समर्थक निमेड़ा पहुंचे। सभी ने कैलाश वर्मा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

*जन्मदिन को मनाया सेवा दिवस के रूप में*

जन्मदिवस पर कैलाश वर्मा ने दिन की शुरुआत जयपुर स्थित मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना से की। इसके बाद पैतृक गांव निमेड़ा पहुंचकर इष्ट देवों के दर्शन किए तथा माता-पिता एवं परिवार के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया।

श्री श्याम गौशाला में गौसेवा करते हुए गायों को हरा चारा एवं गुड़ खिलाया तथा स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। सेवा कार्यों की श्रृंखला में विधायक कोष से क्षेत्र के 15 दिव्यांगजनों को स्कूटियों का वितरण किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

*श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री, राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष*
कैलाश वर्मा का जन्मोत्सव पिछले सात दिनों से “सेवा संकल्प समारोह” के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान श्री श्याम गौशाला में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण से ओत-प्रोत कर दिया। आयोजन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राज्य सरकार के अनेक मंत्री, सांसद, विधायक तथा गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

*15 हजार से अधिक लोग पहुंचे निमेड़ा*
मंगलवार को आयोजित जन्मदिवस समारोह में 15 हजार से अधिक लोगों ने निमेड़ा पहुंचकर कैलाश वर्मा को शुभकामनाएं दीं। पूरे दिन श्री श्याम गौशाला परिसर जनसैलाब, सेवा, आध्यात्मिकता और जनसमर्पण का साक्षी बना।

*जनसेवा ही प्रथम लक्ष्य : कैलाश वर्मा*
बगरू विधायक ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि जनसेवा ही मेरा संकल्प है। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से सेवा के संकल्प को मजबूती मिलती है।

कैलाश वर्मा वर्ष 2013 में पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे तथा वर्ष 2023 में पुनः बगरू विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनका संपूर्ण राजनीतिक जीवन जनसेवा, गौसेवा, राष्ट्रहित और समाज कल्याण को समर्पित रहा है।