दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत बाढ़ का झोपड़ा में जनकल्याण शिविर के अंतर्गत ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
शिविर में शिविर प्रभारी मोनिका जाखड़, भाजपा जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह शक्तावत, तहसीलदार भगवती प्रसाद वैष्णव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष रंगलाल भील, मंडल महामंत्री लक्ष्मी नारायण मालावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष मनजीत सिंह, भाजपा नेता रोहित गुर्जर, कुलदीप सिंह, कुलदीप टोंग्या, अतिरिक्त विकास अधिकारी देवकरण बैरवा, सत्यनारायण बैरवा, स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, ग्राम विकास अधिकारी देवी सिंह राठौड़, कनिष्ठ सहायक रमेश खारोल, दयाराम मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया। कुल 22 विभागों ने भागीदारी निभाते हुए अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी आमजन को दी।
शिविर के दौरान 13 पट्टों का वितरण किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 10 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के एक लाभार्थी को तृतीय किस्त तथा एक लाभार्थी को द्वितीय किस्त की राशि हस्तांतरित की गई। इसके अलावा पेंशन सत्यापन, जन आधार सत्यापन, मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 14 बीमा पॉलिसियां, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित कार्य, चिकित्सा विभाग द्वारा 20 आयुष्मान कार्ड तथा 3 निक्षय पोषण किटों का वितरण किया गया।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को मूंग के 7 मिनी किट वितरित किए गए। साथ ही राजस्व खातों के शुद्धिकरण, जाति प्रमाण पत्र एवं मूल निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यों का भी निस्तारण किया गया। शिविर के सफल आयोजन पर ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना की।
