शाहपुरा नगर पालिका वार्ड नंबर 33 सात रंगों की चेयरों से सजेगा, बैठने के साथ मिलेगा स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश

(पंकज पोरवाल)

 

पार्षद दीपिका चेतन वैष्णव की अनूठी पहल, हर चेयर पर होगा सामाजिक जागरूकता का संदेश और पार्षद का मोबाइल नंबर

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|जिले के शाहपुरा नगर पालिका वार्ड नंबर 33 में अब सार्वजनिक स्थानों पर लगने वाली चेयरें सिर्फ बैठने का ठिकाना नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का माध्यम भी बनेंगी। पार्षद दीपिका चेतन वैष्णव की पहल पर वार्ड में सात रंगीन चेयर लगवाई जा रही हैं। इन चेयरों के जरिए आमजन को स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और वार्ड के विकास में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया जाएगा। इन सातों चेयरों को अलग-अलग रंगों और सामाजिक संदेशों के साथ तैयार करवाया जा रहा है। इन पर सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने, कचरा इधर-उधर नहीं डालने, निर्धारित स्थान पर कचरा डालने और समय पर कचरा गाड़ी को देने की अपील होगी। इसके अलावा नालियों की सफाई, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और पानी की बचत जैसे जरूरी विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस पहल की एक खास बात यह भी है कि प्रत्येक चेयर पर पार्षद दीपिका चेतन वैष्णव का नाम और मोबाइल नंबर अंकित रहेगा। इससे वार्डवासी अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे पार्षद तक पहुंचा सकेंगे। इसका उद्देश्य जनप्रतिनिधि और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा वार्ड के विकास कार्यों में नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है।सात रंगीन चेयरों के माध्यम से वार्ड के सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने के साथ लोगों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल संदेश देगी कि स्वच्छ और विकसित वार्ड केवल जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों के सहयोग और जिम्मेदारी निभाने से बनता है।