(पंकज पोरवाल)
50 वर्षों की सामाजिक यात्रा का किया स्मरण, राजस्थान सहित देशभर के गुजराती समाज के पदाधिकारी जुटे, गरबा, खेलकूद और सम्मान समारोह ने बांधा समां
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|पांच दशक की सामाजिक एकता का जश्न, सांस्कृतिक विरासत और संगठनात्मक सफर का उत्सव रविवार को हरनी महादेव स्थित नंदनी रिसॉर्ट में देखने को मिला। श्री गुजराती समिति के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में राजस्थान सहित देश के विभिन्न शहरों से गुजराती समाज के पदाधिकारी एवं समाजबंधुओं ने सपरिवार उत्साह के साथ भाग लिया। दीपावली की खुशियों, पारंपरिक गरबे और आपसी आत्मीयता के बीच पांच दशक की सामाजिक यात्रा को याद करते हुए आपसी भाईचारे, संस्कृति और संगठन की मजबूती का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल राजस्थान गुजराती समाज के अध्यक्ष जी.डी. पटेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश भाई मेहता (उदयपुर), अखिल भारत गुजराती समाज के अध्यक्ष संजय भाई पटेल तथा विश्व गुजराती समाज के सहसचिव पंकज भाई शाह मौजूद रहे। उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, रामगंज मंडी, चित्तौड़गढ़, भोपाल और अहमदाबाद से आए समाज के अध्यक्षों एवं सदस्यों का स्थानीय गुजराती समाज की ओर से गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में सभी सदस्यों ने सपरिवार एक-दूसरे को दीपावली एवं नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। समाज से जुड़े नए सदस्यों का अभिनंदन किया गया। वहीं दिवंगत समाजजनों को याद कर उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बच्चों एवं सदस्यों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पारंपरिक गरबे की प्रस्तुतियों ने समारोह में गुजराती संस्कृति की छटा बिखेरी। प्रतियोगिताओं के विजेता बालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती अनिता चौहान (कोटा) ने किया। मारोह का समापन गुजरात गौरव गान एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद सभी समाजजनों ने सामूहिक स्नेह भोज का आनंद लिया। इस अवसर पर समाज के संरक्षक प्रभुदेव पटेल, अध्यक्ष लतेश पटेल, उपाध्यक्ष गौरांग पटेल, सचिव विशाल पटेल, कोषाध्यक्ष महेश पटेल सहित राजेंद्र पटेल, अरविंद पंचाल, मुकेश पटेल, गुणवंत जैन, कौशिक पटेल, रजनी पटेल, मफत पटेल, गिरीश गोस्वामी, अमित पटेल, दयाल प्रजापति, महेश सोमाभाई पटेल, दिनेश प्रजापति, मालव पटेल, मोहित पटेल सहित बड़ी संख्या में समाजजन सपरिवार उपस्थित रहे।