शाहपुरा के स्विमिंग पूल से निकली नई लहर, कार्तिकेय व्यास बने तैराकी संघ के कप्तान

स्मार्ट हलचल|
महाव्रत गौतम सिंह चौहान सचिव और नमन ओझा कोषाध्यक्ष चुने गए
निर्विरोध चुनाव में युवा टीम को मिली कमान, तैराकी जगत में उत्साह की तरंग
शाहपुरा मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|शाहपुरा स्थित स्विमिंग पूल परिसर रविवार को उस समय खेल ऊर्जा और उत्साह से सराबोर हो उठा, जब भीलवाड़ा जिला तैराकी संघ के चुनाव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। चुनाव में कार्तिकेय व्यास को संघ का अध्यक्ष, महाव्रत गौतम सिंह चौहान को सचिव तथा नमन ओझा को कोषाध्यक्ष चुना गया। पूरी कार्यकारिणी आगामी चार वर्षों के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुई।
तैराकी की दुनिया में लंबे समय से सक्रिय परिवार से जुड़े कार्तिकेय व्यास के नेतृत्व को खेल जगत ने नई उम्मीदों की “फास्ट लेन” माना है। कार्तिकेय के पिता अनिल व्यास स्वयं राजस्थान तैराकी संघ के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय तैराकी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। खेल प्रशासन और तैराकी गतिविधियों में उनके अनुभव का लाभ अब जिले की नई टीम को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
चुनाव अधिकारी रामपाल बिड़ला की देखरेख में हुई प्रक्रिया के दौरान राजस्थान तैराकी संघ के विनोद सनाढ्य, जिला ओलंपिक संघ के लाजपत आचार्य तथा जिला क्रीड़ा परिषद के हेमेन्द्र सिंह राणावत पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
नई कार्यकारिणी में नरेश बूलिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया, जबकि जितेन्द्र सर्वा, गोपाल कृष्ण सुल्तानिया और कुणाल ओझा को उपाध्यक्ष चुना गया। गोपाल सोनी, राकेश वर्मा, सत्यनारायण टेलर और वेदप्रकाश सुथार को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
शाहपुरा के स्विमिंग पूल पर हुए इस चुनाव को जिले में तैराकी खेल के लिए नई “स्टार्टिंग व्हिसल” माना जा रहा है। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का मानना है कि नई टीम जिले के तैराकों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताएं और आधुनिक सुविधाओं की दिशा में मजबूत स्ट्रोक लगाएगी।