बजरी माफिया पर शकरगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार: रास्ते काटकर खोदे खड्डे, अवैध परिवहन के मार्ग किए अवरुद्ध

थानाधिकारी पूरणमल मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई; अमरगढ़ चौकी का पदभार संभालते ही एक्शन मोड में आए ASI जोगेंद्र सिंह

जहाजपुर/शकरगढ़ (स्मार्ट हलचल/अलकेश पारीक)

क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शकरगढ़ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थानाधिकारी पूरणमल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध बजरी परिवहन के लिए माफियाओं द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे चोर रास्तों को जेसीबी मशीन से खड्डे खुदवाकर पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।

इन प्रमुख मार्गों को किया गया बंद

पुलिस टीम ने सघन अभियान चलाते हुए चैनपुरा, अभयपुरा, माधोपुर, केसरपुरा और भरनी खुर्द सहित बजरी परिवहन के संभावित और संवेदनशील रास्तों पर जेसीबी से गहरे खड्डे खुदवाए। रास्तों को काटकर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया गया है, ताकि ओवरलोड बजरी वाहन क्षेत्र से न गुजर सकें।

🛑 जॉइनिंग के साथ ही एक्शन मोड में दिखे ASI जोगेंद्र सिंह

कार्रवाई की खास बात यह रही कि अमरगढ़ चौकी का पदभार संभालते ही एएसआई जोगेंद्र सिंह तुरंत एक्शन मोड में नजर आए। चौकी क्षेत्र के करीब 60 गांवों की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले जोगेंद्र सिंह की पहली ही कार्रवाई से अवैध बजरी कारोबारियों और माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

पुलिस टीम में यह रहे शामिल

अवैध परिवहन के रास्ते ध्वस्त करने की इस कार्रवाई में थानाधिकारी पूरणमल मीणा, एएसआई जोगेंद्र सिंह, एफसी रामराज और एफसी फूल सिंह शामिल रहे। शकरगढ़ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह सख्ती लगातार जारी रहेगी।