भजन, भक्ति और जयघोषों से गूंजा चमत्कारी शनिदेव नवग्रह मंदिर परिसर, रंगारंग राजस्थानी ऑर्केस्ट्रा ने बांधा समां*
निंबाहेड़ा, 16 मई 2026
(ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल|तहसील निंबाहेड़ा के समीप बाड़ी स्थित प्रसिद्ध एवं श्रद्धा के प्रमुख केंद्र चमत्कारी शनिदेव नवग्रह मंदिर में शुक्रवार को श्री शनिदेव जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति, धार्मिक आस्था एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में अत्यंत भव्यता के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर “जय शनिदेव महाराज” के जयघोषों, भक्तिमय भजनों एवं श्रद्धालुओं की आस्था से गुंजायमान हो उठा। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव के दर्शन कर धर्मलाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री श्री 1008 ऊंकार दास जी गुरुजी, संत श्री 1008 नागेश्वरजी महाराज एवं पण्डित श्री महेश जी पांडिया की पावन उपस्थिति एवं सानिध्य ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। संत महात्माओं के आशीर्वचनों एवं धार्मिक प्रेरणाओं से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में पधारे अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम भगवान श्री शनिदेव महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की। मंदिर समिति के अध्यक्ष भंवरलाल सुथार, उदयराम गुर्जर,बंशीलाल कुमावत, बद्रीलाल सेन, फतेहलाल कुमावत, पर्वत आंजना, कैलाश गुर्जर, राजकुमार सोनी, शौकीन गुर्जर, रतनलाल रैगर एवं प्रदीप सुथार इत्यादि पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का पारंपरिक उपराना ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। संपूर्ण आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में अपार उत्साह एवं गहरी धार्मिक आस्था देखने को मिली।
संध्या ढलते ही मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा। रात्रि में आयोजित विशाल भजन संध्या एवं रंगारंग राजस्थानी ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शनिदेव महाराज की महिमा का गुणगान करते भजनों, मधुर संगीत एवं मनमोहक धार्मिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं विशेष पुष्प श्रृंगार से सजाया गया था, जिसकी भव्यता श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
आयोजित धार्मिक समारोह में गत विधानसभा चुनाव में बड़ीसादड़ी क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं चित्तौड़गढ़ सरस दुग्ध डेयरी के निवर्तमान चेयरमैन बद्रीलाल जगपुरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष पूरन आंजना ने की। वहीं निंबाहेड़ा क्रय-विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान गोपाल आंजना, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बंशीलाल राइवाल,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यकारी अध्यक्ष भोपराज टांक एवं निंबाहेड़ा विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना,विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर बाड़ी ग्राम पंचायत प्रशासक गोपाल रैगर, उपसरपंच कैलाश आंजना, बाडी ग्राम सहकारी समिति अध्यक्ष गुडाखेड़ा ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष बाबूलाल जाट,प्रतिनिधि चरण सिंह जाट, बंटी मीणा, सुरेश मीणा, आशुतोष टांक,मुकेश खटीक, राधेश्याम तेली एवं विजय कुमावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण, गणमान्य नागरिक, मंदिर समिति पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
मंदिर समिति ने बताया कि बाड़ी स्थित चमत्कारी शनिदेव नवग्रह मंदिर क्षेत्र में श्रद्धा एवं आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचते हैं। श्री शनिदेव जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित यह भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, भक्ति एवं सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम बन गया।
