डीजल से दूरी, हरित ऊर्जा से दोस्ती… श्री सीमेंट ने दिखाई खनन के भविष्य की राह

अनिल कुमार खींची

निम्बेटी लाइमस्टोन माइंस में 37वें खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह का आयोजन, इलेक्ट्रिक वाहनों और ईवी चार्जिंग स्टेशन की पहल को निरीक्षण दल ने सराहा

ब्यावर । स्मार्ट हलचल।पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक के समन्वय से खनन क्षेत्र को हरित बनाने की दिशा में श्री सीमेंट लिमिटेड की निम्बेटी लाइमस्टोन माइंस में 37वें खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण सप्ताह–2026 का आयोजन किया गया। भारतीय खान ब्यूरो (IBM), अजमेर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘नवीकरणीय ऊर्जा से सतत विकास को गति’ रही। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण, खनिज संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और सुरक्षित खनन की प्रतिबद्धता दिखाई दी।

कार्यक्रम के दौरान निरीक्षण दल के संयोजक आर.सी. व्यास तथा सदस्य राजेन्द्र साहू एवं बी. महेश्वर ने खदान का विस्तृत निरीक्षण किया। दल ने आधुनिक खनन पद्धतियों, पर्यावरण संरक्षण उपायों, खनिज संरक्षण गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण दल ने खदान में अपनाई जा रही वैज्ञानिक एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे उत्तरदायी खनन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

इस अवसर पर सहायक उपाध्यक्ष टी.के. ढेलावत ने कहा कि श्री सीमेंट लिमिटेड सतत विकास के लक्ष्य के साथ नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित खनन को प्राथमिकता दे रही है। खदान संचालन में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) और स्वच्छ ऊर्जा आधारित तकनीकों का उपयोग बढ़ाया जा रहा है, जिससे कार्बन उत्सर्जन कम करने और ऊर्जा दक्षता बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए उत्पादन करना भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

निरीक्षण दल को खदान परिसर में संचालित इलेक्ट्रिक वाहनों और स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन की जानकारी दी गई। हरित तकनीक की इस पहल को दल ने कार्यक्रम की थीम के अनुरूप सराहनीय एवं प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम में टी.वी. श्रीनिवास, संजीव द्विवेदी, रमेश तिवारी, डूंगा राम एवं हरीश कुमार आर्य सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत लघु नाटिका एवं प्रेरणादायक गीतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत, सुरक्षित खनन और खनिज संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन शाहिल एवं श्रिया ने किया।