मदन मोहन गर्ग
शिव-पार्वती सहित विभिन्न झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र, जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
स्मार्ट हलचल|गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। श्री शिव भक्त मंडल की ओर से मंगलवार को चतुर्थ कावड़ यात्रा धूमधाम से निकाली गई। डीजे एवं बैंड बाजों के साथ निकली यात्रा में सैकड़ों कावड़िए एवं शिव भक्त शामिल हुए। शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा, जलपान एवं अल्पाहार से कावड़ियों का स्वागत किया गया।
यात्रा से पूर्व सभी शिव भक्त धुंधेश्वरधाम पहुंचे, जहां द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में पंडित लोकेश शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना एवं आरती कराई। इस दौरान निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल सहित मंडल पदाधिकारी एवं शिव भक्त मौजूद रहे।
यात्रा में भगवान शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, गणेश-कार्तिक, श्रीराम दरबार, हनुमानजी, नंदी पर सवार शिव-पार्वती, भगवान विष्णु, काल भैरव एवं भगवान शिव की पांच बेटियों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। भजनों पर नृत्य करती भूत-प्रेतों की टोली ने भी श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
कावड़ यात्रा धुंधेश्वरधाम से उघाड़मल बालाजी, मिर्जापुर, ईदगाह, खंडेलवाल धर्मशाला, ट्रक यूनियन, कैलाश टॉकीज, बालाजी चौक, चौपड़, खारी बाजार, देवी स्टोर चौराहा एवं व्यापार मंडल होते हुए पंचायत समिति स्थित ममलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां कावड़ियों ने धुंधेश्वरधाम से लाए पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया।
मंडल के प्रचार मंत्री रिजुल गर्ग ने बताया कि यात्रा में अध्यक्ष भुवनेश गर्ग, पुष्पेंद्र सिंह तोमर, आयुष बजाज, तरुण मंगल, गोलू समरवाल, वेदप्रकाश गुप्ता, गौरव मंगल, अक्षय बंसल, सौरभ गुप्ता, रजत सोनी, राहुल गोयल, हनी शर्मा एवं आशीष सहित मंडल के पदाधिकारी और सैकड़ों शिव भक्त शामिल रहे। प्रशासन की ओर से यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
