संस्कृत सप्ताह से पूर्व राज्यपाल से मिले संस्कृत शिक्षा सचिव दीपक कुमार

देहरादून।स्मार्ट हलचल|संस्कृत शिक्षा सचिव, उत्तराखंड शासन दीपक कुमार ने संस्कृत सप्ताह के शुभारंभ से पूर्व राज्यपाल से भेंट कर विभागीय गतिविधियों और संस्कृत के प्रचार-प्रसार को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।सचिव ने पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान इंडोनेशिया, नेपाल और थाईलैंड के राजदूतों से हुई मुलाकातों के बारे में राज्यपाल को अवगत कराया। साथ ही पुणे और मुंबई के प्रतिष्ठित संस्कृत संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों के भ्रमण के दौरान हुए संवाद और प्राप्त अनुभवों की जानकारी भी साझा की।राज्यपाल ने सचिव के कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्कृत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संस्कृत विश्वविद्यालय को इन अंतरराष्ट्रीय मुलाकातों और देश के प्रतिष्ठित संस्कृत संस्थानों के भ्रमण से जुड़े विषयों पर आगे की आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

25 से 31 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह

उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा विभाग की ओर से उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, संस्कृत विश्वविद्यालय एवं निदेशालय के माध्यम से विश्व संस्कृत दिवस के अवसर पर संस्कृत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। 25 अगस्त से शुरू होने वाला यह आयोजन 31 अगस्त तक चलेगा।

पहली बार संस्कृत मास का आयोजन

इस वर्ष उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् की ओर से संस्कृत मास भी मनाया जाएगा। इसका आयोजन श्रावण पूर्णिमा यानी रक्षाबंधन से शुरू होकर भाद्रपद पूर्णिमा, 26 सितंबर तक किया जाएगा। इस दौरान संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार, अध्ययन-अध्यापन और संस्कृत से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।