बद्री लाल माली
गुरला:-स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत सेथुरियाइ के सोपूरा में स्थित श्री श्री 1008 श्री हीरापुरी जी महाराज के मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार देर शाम तेज गर्जना के साथ बिजली सीधी मंदिर के ऊपर गिरी। बिजली गिरने से मंदिर के ऊपर लगा कलश टूट गया और मंदिर के ऊपरी भाग का कुछ हिस्सा खंडित हो गया। इसके साथ ही मंदिर में लगा लाइटिंग बोर्ड और बिजली के उपकरण भी जलकर राख हो गए। घटना के समय मंदिर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बिजली गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण सोपुरा निवासी शंभु पुरी अर्जुन पुरी प्रहलाद पुरी ने बताया कि मंदिर गांव की आस्था का केंद्र है। नुकसान की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
