हाई सिक्योरिटी श्रीनगर जेल से भागे दो शातिर फरार अपराधी राजगढ़ में गिरफ्तार

सादुलपुर :- ( बजरंग आचार्य )

स्मार्ट हलचल|राजगढ़ पुलिस ने आज एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) की हाई सिक्योरिटी सेंट्रल जेल से फरार दो खतरनाक अंडरट्रायल अपराधियों को दबोच लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (RPS) रिछपाल सिंह चारण ने आज दोपहर 12:00 बजे राजगढ़ थाने में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का बड़ा खुलासा किया।
​एएसपी रिछपाल सिंह चारण ने बताया कि 26 तारीख की सुबह थानाधिकारी राजगढ़ को खेतों में दो संदिग्ध व्यक्तियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को डिटेन किया। शुरुआती पूछताछ और धारा 151 के तहत गिरफ्तारी के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
​पकड़े गए आरोपियों में फरमान (निवासी राजगढ़) और मुख्तियार गुर्जर (निवासी जम्मू-कश्मीर) शामिल हैं। दोनों आरोपी श्रीनगर जेल में पॉक्सो और बलात्कार के मामलों में निरुद्ध थे, जो गत 23 तारीख को हाई सिक्योरिटी जेल तोड़कर फरार हुए थे। भागने के दौरान पैसे न होने पर इन्होंने जम्मू-कश्मीर में ही एक महिला से लगभग 7.5 से 8 हजार रुपये की लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था।
​जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा जारी अलर्ट से इस जेल ब्रेक की पुष्टि हुई है। राजगढ़ पुलिस की सतर्कता से दबोचे गए इन आरोपियों को लेने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष टीम रवाना हो चुकी है।