महावीर समदानी
भीलवाड़ा 30 मई
स्मार्ट हलचल।श्री सीताराम सत्संग भवन ट्रस्ट, भीलवाड़ा द्वारा गौ-सेवा, कबूतर-सेवा व अनवरत हरि कीर्तन के साथ-साथ मानव सेवा के क्षेत्र में एक और सराहनीय पहल की गई है. ट्रस्ट द्वारा निर्धन एवं असहाय लोगों की सहायता हेतु महात्मा गांधी आरोग्य सदन परिसर में नवनिर्मित ‘श्री सीताराम धर्मशाला’ में 150 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित करवाया गया है.
आवास हाउसिंग बोर्ड के सहयोग से स्थापित इस सोलर प्लांट की अनुमानित लागत लगभग ₹45 लाख है. यह प्लांट प्रतिदिन 600 यूनिट बिजली का उत्पादन करेगा, जिससे धर्मशाला की बिजली संबंधी आवश्यकताएं पूर्ण होंगी तथा संचालन लागत में राहत मिलेगी.
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष रामपाल सोनी ने वित्तीय सहयोग के लिए आवास फाइनेंस की समस्त टीम का आभार व्यक्त किया.
संस्था के मंत्री राजेश जैन एवं कोषाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण तोषनीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सोलर प्लांट से होने वाली बचत का सीधा लाभ धर्मशाला में सेवा लेने वाले लाभार्थियों को मिलेगा एवं सेवा शुल्क में राहत प्रदान की जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि धर्मशाला में आने वाले प्रत्येक लाभार्थी से फीडबैक फॉर्म भरवाया जाता है, जिससे संस्था द्वारा दी जा रही सेवाओं के प्रति जनमानस के विचार ज्ञात होते हैं और सेवाओं में निरंतर सुधार किया जाता है.
उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट द्वारा पर्यावरण संरक्षण व आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने हेतु यह पहल की गई है. कार्यक्रम में श्री गोपाल राठी,राधेश्याम चेचानी, कैलाश कोठारी ,जगदीश कोगटा ,रमेश राठी , सत्यनारायण मुन्दडा,महावीर समदानी, लक्ष्मी नारायण काबरा, महेश देवपुरा, सुशील मारोटिया, गोपाल नारानीवाल ,सुरेश कचोलिया, प्रहलाद सोनी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
